# सीतापुर: परिषदीय व माध्यमिक शिक्षकों को मिली बड़ी सौगात, कैशलेस चिकित्सा कार्ड का वितरण.

खैराबाद,सीतापुर( उत्तर प्रदेश): सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का बुधवार को भव्य आगाज हुआ। जनपद के भूमिजा बहुद्देशीय हॉल, खैराबाद में आयोजित कार्यक्रम में बेसिक व माध्यमिक शिक्षा से जुड़े हजारों शिक्षकों और कर्मचारियों को इस नई स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ सौंपा गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रहा, जिसे देख शिक्षक उत्साहित नजर आए।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ भव्य शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सेउता विधायक ज्ञान तिवारी, शिक्षक एमएलसी अवनीश कुमार सिंह, एमएलसी पवन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला और जिला पंचायत अध्यक्षा श्रद्धा सागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर शिक्षा जगत की उन्नति के लिए संकल्प दोहराया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत पर्यावरणीय पौधे और सीतापुर के ओडीओपी उत्पाद 'दरी' भेंट कर किया।
5 लाख रुपये तक का सालाना उपचार
योजना के अंतर्गत बेसिक शिक्षा परिषद के 19 लाभार्थियों और माध्यमिक शिक्षा के 12 शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड और अंग वस्त्र प्रदान किए गए। इस योजना से अब संबंधित परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस चिकित्सीय लाभ मिल सकेगा। शासन की इस पहल से शिक्षकों में खुशी की लहर है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
प्राथमिक विद्यालय मिश्रापुर के बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों को पुरस्कार दिए गए, साथ ही एमएलसी द्वारा उन्हें स्कूल बैग भी वितरित किए गए। अंत में जिलाधिकारी सीतापुर ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, वरिष्ठ डायट प्रवक्ता, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा सहित भारी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ