#सीतापुर: धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली का कहर, दर्दनाक मौत.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के पकरिया धापूूपुर गांव में बुधवार की शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां खेत में धान की रोपाई कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय रामनरायण शर्मा पुत्र सियाराम शर्मा बुधवार शाम करीब 6:30 बजे अपने खेत में धान की रोपाई का कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से रामनरायण गंभीर रूप से झुलस गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद खेत में मौजूद मजदूरों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव को देखते ही कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, राजस्व विभाग ने प्राकृतिक आपदा के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। रामनरायण की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने इस घटना के बाद लोगों से खराब मौसम और बारिश के दौरान खुले खेतों, पेड़ों तथा ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ