#सीतापुर: रोजगार मेले में 131 युवाओं के खिले चेहरे, डीएम ने बांटे नियुक्ति पत्र.

खैराबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खैराबाद में मंगलवार को आयोजित वृहद रोजगार मेले में युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कौशल विकास मिशन के सहयोग से आयोजित इस मेले में जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों से आए 1218 युवाओं ने अपनी किस्मत आजमाई। कुल 1135 रिक्तियों के सापेक्ष साक्षात्कार और कौशल परीक्षण के बाद 131 युवाओं को नौकरी के लिए चुना गया, जबकि 570 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
डीएम ने दिए सफलता के तीन मंत्र
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने किया। इस दौरान उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्होंने सफलता के तीन अचूक मंत्र दिए—रिस्क लेना, नई चीजों को सीखना और अनुशासित रहना। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कौशल विकास ही आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी कुंजी है।
उद्योगों और युवाओं के बीच बना सेतु
मेले में शामिल 10 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं को कार्य संस्कृति, वेतनमान और करियर की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले स्थानीय स्तर पर युवाओं को सीधे उद्योगों से जोड़ने का काम करते हैं, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए एक प्रभावी सेतु की तरह हैं।
आत्मनिर्भर बनाने की है मुहिम
संस्थान की प्रधानाचार्य डॉ. नूपुर कश्यप ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल रोजगार दिलाना नहीं, बल्कि युवाओं को सक्षम बनाना है। उन्होंने बताया कि संस्थान शासन की मंशानुरूप तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को बेहतर भविष्य देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अंत में जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और उद्योग प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार जताया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ