#सीतापुर: स्कूल निरीक्षण में दिखी लापरवाही, डीएम ने बीईओ-प्रधानाध्यापक का वेतन रोका.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बीते दिवस विकास खण्ड परसेण्डी के ग्राम पीरपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में फैली गंदगी, मिड-डे-मिल में लापरवाही और शिक्षकों की अनुपस्थिति देख डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बीईओ और प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने के साथ ही लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गंदगी देख भड़के डीएम
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एमडीएम शेड का जायजा लिया। वहां फैली गंदगी और अव्यवस्था पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। रसोईघर में कच्चे अनाज की गुणवत्ता और पीने के पानी की व्यवस्था परखी गई। पानी की टोंटियां टूटी मिलने पर डीएम ने खण्ड शिक्षा अधिकारी रमाकान्त मौर्य और प्रधानाध्यापक नसीम अंजुम का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने का निर्देश दिया।
आंगनबाड़ी केंद्र पर मिलीं खामियां
विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में भी गंभीर चूक सामने आई। पंजिका में 56 बच्चे पंजीकृत थे, लेकिन मौके पर संख्या काफी कम मिली। इसके अलावा, बच्चों को पढ़ाने के लिए लगाया गया स्मार्ट टीवी भी खराब मिला। इसे लेकर डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री को जमकर फटकार लगाई।
शिक्षकों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कक्षा-02 बंद पाई गई और सहायक अध्यापक श्रीमती अनुपम चौहान बिना सूचना के गायब मिलीं। डीएम ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं, कक्षा-03 में शिक्षण स्तर की पड़ताल के दौरान एक छात्र पुस्तक पढ़ने में विफल रहा। इसे पढ़ाने में रुचि न लेना मानते हुए सहायक अध्यापिका रूचि श्रीवास्तव को चेतावनी पत्र जारी करने के आदेश दिए गए। इस दौरान खण्ड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रियांशी सक्सेना मौजूद रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ