कमलापुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना कमलापुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के सख्त निर्देशों और क्षेत्राधिकारी सिधौली विशाल गुप्ता के निकट पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान जुआ खेल रहे 16 अभियुक्तों को रंगे हाथ दबोच लिया। इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के जुआरियों में हड़कंप मच गया है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कमलापुर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर एक स्थान पर छापा मारा, जहां बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा था। पकड़े गए 16 अभियुक्तों में ईशू राठौर, संतोष कुमार, बृजकिशोर मिश्रा, मो. जावेद, अयूब, अनीश, ताहिर खान, अरुण कुमार सिंह, गुलाब, टिंकू, राजेश कुमार, अली अहमद, कुलदीप, अकील, विनय गुप्ता और संजीत शामिल हैं। ये सभी आरोपी सीतापुर, सिधौली, अटरिया और लहरपुर थाना क्षेत्रों के विभिन्न गांवों और मोहल्लों के रहने वाले हैं।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने मौके से जुआरियों के कब्जे से 5 ताश की गड्डियों , 56,500 रुपये मालफड, 2 सफेद गमछे और 2 तिरपाल बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त, अभियुक्तों की जामा तलाशी लेने पर 9,070 रुपये नकद और कुल 15 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी सामग्रियों को अपने कब्जे में ले लिया है।
अग्रिम विधिक कार्रवाई
इस पूरी बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में थाना कमलापुर पर मु.अ.सं. 178/26 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम का अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक ईतुल चौधरी के साथ उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सरोज, रामविशाल सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ