नैमिषारण्य,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैमिषारण्य पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लक्ष्मणगंज मोड़ के पास जुआ खेलते हुए दो अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 हजार रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। साथ ही, मौके पर मौजूद 15 मोटरसाइकिलें सीज कर दी गई हैं।
पुलिस की दबिश में पकड़े गए जुआरी
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशानुसार, क्षेत्राधिकारी मिश्रिख बृजेश कुमार के पर्यवेक्षण में थाना नैमिषारण्य पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लक्ष्मणगंज मोड़ के पास पुलिस को जुआ खेले जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मानू निवासी नैमिषारण्य और प्रदीप निवासी बेनीगंज, हरदोई के रूप में हुई है।
भारी मात्रा में मोटरसाइकिलें सीज
अभियुक्तों के पास से 9,000 रुपये 'माल फड़' से और 4,000 रुपये तलाशी के दौरान बरामद हुए। पुलिस ने मौके से संदिग्ध अवस्था में खड़ी 15 मोटरसाइकिलों को भी बरामद किया है। इन सभी वाहनों को 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। इतनी बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलों की बरामदगी से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मुकदमा दर्ज, जेल भेजे गए अभियुक्त
थाना नैमिषारण्य में गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा अपराध संख्या 114/26 पंजीकृत किया गया है। थानाध्यक्ष नवनीत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वैधानिक कार्यवाही पूरी करते हुए दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इन मोटरसाइकिलों के मालिकों और उनके वैध दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही है।
0 टिप्पणियाँ