#सीतापुर: यूपीटीईटी -2026 परीक्षा केंद्रों का जिलाधिकारी व एसपी ने किया निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): शिक्षक पात्रता परीक्षा यूपीटीईटी -2026 को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में परीक्षा के पहले दिन द्वितीय पाली के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने सिधौली के श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीसीटीवी से रखी जा रही नजर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग प्रक्रिया को खुद परखा। उन्होंने टीवी स्क्रीन पर परीक्षा कक्षों में चल रही गतिविधियों का अवलोकन किया और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि निगरानी में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। पूरे परीक्षा सत्र के दौरान फुटेज का बैकअप सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।अभ्यर्थियों की सुविधाओं का रखें ध्यान
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के लिए पीने का साफ पानी और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने केंद्र प्रभारियों से कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो और परीक्षा केंद्र परिसर में व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।
सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश
सुरक्षा के मोर्चे पर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पूरी सतर्कता बरती। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र के गेट पर ही परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली जाए। किसी भी संदिग्ध वस्तु को अंदर न जाने दिया जाए। सुरक्षा बलों को परीक्षा केंद्रों के बाहर तैनात रहने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ