# सीतापुर में वन महोत्सव का आगाज: 81.75 लाख पौधे लगाकर हरा-भरा होगा जिला.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): शासन के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत जनपद सीतापुर को इस वर्ष 81 लाख 75 हजार 900 पौधे रोपने का लक्ष्य मिला है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित तिथि पर एक ही दिन में लक्ष्य को हासिल किया जाए। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को युद्धस्तर पर तैयारी करने को कहा गया है।
विभागीय दायित्व और लक्ष्य का बंटवारा
बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी नवीन खंडेलवाल ने लक्ष्य का ब्योरा साझा करते हुए बताया कि वन विभाग 22 लाख 27 हजार और अन्य विभाग 59 लाख 48 हजार 900 पौधे लगाएंगे। जिले में एक जुलाई से वन महोत्सव-2026 की शुरुआत हो चुकी है। सभी रेंजों में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लक्ष्य को समय रहते गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जा सके।
'आम बहार आपके द्वार' से आमजन को जोड़ने की पहल
वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने के लिए विभाग 'आम बहार आपके द्वार' स्लोगन के साथ प्रचार-प्रसार कर रहा है। इसके माध्यम से लोगों को देसी आम की विभिन्न प्रजातियों के रोपण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आम के औषधीय गुणों, जैसे पाचन में सुधार, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और हृदय स्वास्थ्य के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में ग्रामीणों व शहरवासियों को जागरूक किया जा रहा है।
 विशिष्ट वनों से बदलेगी तस्वीर
इस बार का वृक्षारोपण अभियान सिर्फ संख्या तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले में विशेष थीम आधारित 'विशिष्ट वन' विकसित किए जाएंगे। इसमें सीतापुर रेंज में वंदे मातरम वाटिका, मिश्रिख में महर्षि चरक औषधि वन व ऊर्जा वन, महोली में एक्सप्रेस-वे वृक्षारोपण, हरगांव में समृद्धि वन, सिधौली में अविरल धारा वृक्षारोपण, बिसवां में मिशन छाया, लहरपुर में भाई-बहन वृक्षारोपण रक्षाबंधन वाटिका व कपि वन तथा महमूदाबाद रेंज में 'एक पेड़ गुरु के नाम' जैसे अनूठे वन स्थापित किए जा रहे हैं।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी सहित सभी संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ