#सीतापुर(उत्तर प्रदेश):उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के दूसरे दिन सीतापुर में परीक्षा का सकुशल और निष्पक्ष संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से महोली स्थित कृषक इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने न केवल व्यवस्थाओं को परखा, बल्कि सीसीटीवी के जरिए परीक्षा की हर गतिविधि पर सीधी नजर बनाए रखी।
कंट्रोल रूम से रखी गई पैनी नजर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने केंद्र के कंट्रोल रूम का रुख किया। यहाँ लगे सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए उन्होंने सभी कक्षों की लाइव फीड देखी। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी की कार्यक्षमता की निरंतर जांच होती रहनी चाहिए।
सुरक्षा में नहीं होगी कोई ढिलाई
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने केंद्र के सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। एसपी ने कहा कि परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता कतई स्वीकार्य नहीं होगी। सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश
अधिकारियों ने केंद्र के विभिन्न कक्षों में जाकर परीक्षार्थियों की उपस्थिति और परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का अवलोकन किया। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नकलविहीन परीक्षा कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
0 टिप्पणियाँ