#सीतापुर:ड्यूटी के बाद अब तनावमुक्त विश्राम: सीतापुर में पुलिस की नई बैरक का हुआ उद्घाटन.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):पुलिस कर्मियों के कल्याण और उनकी कार्यक्षमता को नई ऊंचाइयां देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस क्लब में नवनिर्मित एवं उच्चीकृत 'उपनिरीक्षक बैरक' का फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया।
इस अवसर पर एसपी ने कहा कि 24 घंटे जनसेवा में जुटे पुलिस बल के लिए बेहतर और सुकून भरा आवासीय परिवेश बेहद जरूरी है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस बैरक को विशेष रूप से उपनिरीक्षकों के लिए तैयार किया गया है, ताकि वे ड्यूटी के तनाव से दूर रहकर अपनी थकान मिटा सकें और नई ऊर्जा के साथ पुनः जनसुरक्षा में सक्रिय हो सकें। यह कदम विभाग के आधुनिकीकरण और पुलिस कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।
इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर कपूर कुमार, प्रतिसार निरीक्षक शिव बालक वर्मा और पुलिस अधीक्षक के वाचक सुनील कुमार दुबे सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ