सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद पुलिस ने साइबर अपराधियों और म्यूल अकाउंट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन Cyvajra'के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली नगर पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बैंक खाते किराए पर लेकर देशव्यापी ठगी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से मिले खातों में देश भर में 357 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। पुलिस ने इन खातों में जमा 6.74 लाख रुपये की धनराशि को फ्रीज करा दिया है।
कमीशन के लालच में फंसकर बने साइबर ठगों के 'मोहरा'
एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देशन और एएसपी (साइबर) व क्षेत्राधिकारी साइबर हर्षित चौहान के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने गहन तकनीकी जांच के बाद गांव पहाडपुर थाना मछरेहटा निवासी सूरज सिंह, बृजेश और सुधीर राठौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये तीनों अभियुक्त कमीशन के लालच में आकर अपने बैंक खाते साइबर ठगों को बेच देते थे और उन्हें संचालित करने में मदद करते थे।
350 से अधिक शिकायतों का कनेक्शन
पुलिस टीम द्वारा की गई जांच में तीन बैंक खातों एक एसबीआई व दो एक्सिस बैंक की संलिप्तता पाई गई:
एसबीआई खाता: इस खाते के खिलाफ अकेले राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर 186 शिकायतें दर्ज थीं। पुलिस ने इसमें मौजूद 4.47 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं।
एक्सिस बैंक के दो खाते:इन खातों से जुड़ी 171 ऑनलाइन शिकायतें मिली हैं। इनमें जमा 2.27 लाख रुपये को भी पुलिस ने तुरंत प्रभाव से फ्रीज कराया है।
पुलिस की अपील: 'खाता बिकवाना, मुसीबत को बुलावा देना'
सीतापुर पुलिस ने आमजन को चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार के लालच या कमीशन के चक्कर में आकर अपने बैंक खाते, चेकबुक, एटीएम या ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति को न दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी में सहयोग करना गंभीर कानूनी अपराध है साइबर ठगी की स्थिति में घबराएं नहीं। तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह में शामिल अन्य मुख्य मास्टरमाइंड को भी चिन्हित कर लिया गया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
इस सफल अभियान में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर दिनेश प्रकाश पाण्डेय, सर्विलांस/स्वाट टीम प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह और साइबर क्राइम थाना प्रभारी प्रिंस सोनकर समेत पूरी टीम की भूमिका सराहनीय रही।
0 टिप्पणियाँ