सकरन,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद के सकरन थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी वांछित अपराधी घायल हो गया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया है और इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। आरोपी पर महिला से कुंडल लूटने का मामला दर्ज था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, थाना सकरन में महिला के कान से कुंडल छीनने के मामले में वांछित अपराधी आशिक, पुत्र मोबीन, निवासी ग्राम जठरा थाना खमरिया, जिला खीरी की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर एसओजी और थाना सकरन की संयुक्त टीम ने ओड़ा-झाड़ रसूलपुर रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने तमंचे से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई
पुलिस ने आत्मरक्षा और गिरफ्तारी के उद्देश्य से जवाबी फायरिंग की, जिसमें आशिक के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। प्राथमिक उपचार के लिए उसे अस्पताल भेजा गया है, जहाँ पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है।
बरामदगी और आगे की जांच
पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना सकरन पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 200/2026, धारा 309(4) में वांछित था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा महिला से लूटा गया पीली धातु का कान का कुंडल बरामद किया है। वैधानिक कार्यवाही जारी है।
0 टिप्पणियाँ