#सीतापुर: बारिश के बीच काल बनकर आया सांप, महिला की गई जान.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रामकोट थाना क्षेत्र के कटिया गांव में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भारी बारिश के चलते घर के बाहर जमा पानी की निकासी के लिए गड्ढे की सफाई कर रही एक 40 वर्षीय महिला को सांप ने डस लिया। उपचार के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
क्या है मामला
मृतका की पहचान कटिया गांव निवासी जगदंबा, पत्नी विमलेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5 बजे वह घर के बाहर जमा बारिश का पानी निकालने के लिए गड्ढे की सफाई कर रही थी। इसी दौरान गड्ढे में छिपे सांप ने उसे काट लिया। पहले तो किसी को घटना की जानकारी नहीं हुई, लेकिन कुछ देर बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी।
मासूम बच्चों के सिर से उठा ममता का साया
परिजन उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका अपने पीछे छह माह की एक मासूम बच्ची और एक बेटे को छोड़ गई है। मां की असामयिक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ