#सीतापुर:शिवपुरी कॉलोनी में हड़कंप,जमीन विवाद में 27 मकानों पर चस्पा हुआ नोटिस.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):शहर की शिवपुरी कॉलोनी में बुधवार दोपहर तहसील प्रशासन की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। प्रशासन ने सपा के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता के आवास समेत आसपास के 27 मकानों पर जिलाधिकारी न्यायालय का नोटिस चस्पा कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
राजस्व अभिलेखों में है जमीन का विवाद
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, उक्त लगभग 25 बीघा भूमि राजस्व अभिलेखों में 'ग्राम छावनी गोरा बारीक' के नाम दर्ज है। इस भूमि के मालिकाना हक को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है। इसी के चलते तहसील प्रशासन ने जिलाधिकारी के आदेश पर प्रभावित मकानों पर नोटिस चस्पा किए हैं। सभी मकान मालिकों को 24 जुलाई तक न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
क्या बोले जिम्मेदार अधिकारी
सदर एसडीएम डॉ. जनार्दन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है। उन्होंने बताया कि नोटिस पाने वाले सभी कब्जाधारकों को नियमानुसार अपना पक्ष रखना होगा। इसके बाद न्यायालय के अगले निर्देशों के अनुसार ही अग्रिम कार्रवाई तय की जाएगी।
सपा नेता का दावा- मेरे पास हैं वैध दस्तावेज
नोटिस मिलने के बाद सपा के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता ने इसे गलत करार दिया है। उन्होंने कहा कि उनके पास जमीन के सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं। गुप्ता के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2004 में इस भूमि की विधिवत रजिस्ट्री कराई थी, जिसके बाद दाखिल-खारिज भी हुआ और तीन वर्ष पूर्व सक्षम प्राधिकारी से नक्शा पास कराकर ही निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि वे समय सीमा के भीतर न्यायालय में अपना जवाब दाखिल करेंगे।
फिलहाल, इस पूरे मामले में अब सभी की निगाहें 24 जुलाई को होने वाली अगली न्यायिक सुनवाई पर टिकी हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ