#सीतापुर: सदर तहसील में महिला आयोग की जनसुनवाई, घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना समेत 29 शिकायतें दर्ज.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने शुक्रवार को सीतापुर के सदर तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनीं। इस कार्यक्रम में कुल 29 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न, संपत्ति विवाद और कार्यस्थल पर उत्पीड़न से जुड़े मामले प्रमुख रहे। कई पीड़ित महिलाओं ने अपनी लिखित शिकायतें आयोग को सौंपीं।
समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सदस्या सुजीता कुमारी ने सभी पीड़िताओं को आश्वस्त किया कि हर पीड़ित महिला को न्याय दिलाना महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आयोग संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से इन मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य महिला आयोग एक वैधानिक संस्था है जो महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोग समय-समय पर जनसुनवाई, जागरूकता कार्यक्रम और निरीक्षण अभियान संचालित करता है।
इस अवसर पर महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध डटकर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला आयोग हक की लड़ाई लड़ने वाली हर महिला के साथ मजबूती से खड़ा है। आयोग द्वारा न केवल न्याय दिलाया जाता है, बल्कि पीड़ितों को परामर्श, आवश्यक कानूनी सहायता और मानसिक संबल भी प्रदान किया जाता है ताकि कोई भी महिला खुद को अकेला महसूस न करे। इस जनसुनवाई के दौरान उपजिलाधिकारी सदर जनार्दन सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ