#सीतापुर:​​कांवड़ यात्रा पर प्रशासनिक पहरा,डीएम-एसपी ने चहलारी घाट और पत्थर शिवाला की व्यवस्थाओं को परखा.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)आगामी पवित्र सावन माह और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में बीते दिवस जिलाधिकारी सीतापुर डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक श्री अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से थाना थानगांव अंतर्गत चहलारी घाट का स्थलीय भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा बलों की तैनाती और गोताखोरों की उपलब्धता के संबंध में मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात, अधिकारियों के काफिले ने थाना बिसवां क्षेत्र के ऐतिहासिक पत्थर शिवाला मंदिर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने मंदिर परिसर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, साफ-सफाई और यातायात सुचारू रखने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए। इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी बिसवां  हर्षित चौहान, क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेदप्रकाश श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक बिसवां तथा प्रभारी निरीक्षक थानगांव सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ