खैराबाद,सीतापुर(संवाददाता):विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डा0 दीक्षा जोशी और नगर विकास राज्यमंत्री के प्रतिनिधि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार विभिन्न तकनीकी कौशल मॉडलों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसकी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
विशेष व्याख्यान सत्र में उद्योग विशेषज्ञों ने युवाओं को आधुनिक औद्योगिक तकनीकों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को ढालने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने तकनीकी दक्षता को सफलता की कुंजी बताते हुए निरंतर कौशल उन्नयन पर बल दिया। कार्यक्रम में डीआरडीओ, रेलवे और बीएचईएल जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित तथा स्वरोजगार स्थापित करने वाले 44 उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सीडीओ डा0 दीक्षा जोशी ने प्रशिक्षुओं को मेहनत और लगन से सीखने का संदेश दिया, वहीं प्रधानाचार्य डा0 नुपूर कश्यप ने कौशल विकास को विकसित भारत की आधारशिला बताया। उन्होंने संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि युवाओं को दक्ष और स्वावलंबी बनाना ही मुख्य उद्देश्य है। अंत में सभी ने आत्मनिर्भर भारत निर्माण का संकल्प लिया और अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
0 टिप्पणियाँ