सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने निकले जिलाधिकारी राजगणपति आर बुधवार को उस समय बेहद सख्त दिखे जब खैराबाद विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय दहेलिया श्रीरंग में अव्यवस्थाओं का अंबार मिला। औचक निरीक्षण के दौरान ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्र और मिड-डे मील में मिली अनियमितताओं पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
वीएचएसएनडी सत्र के निरीक्षण में आवश्यक उपकरणों का अभाव और अभिलेखों में बड़ी खामियां पाई गईं। विभागीय योजनाओं की संतोषजनक जानकारी न देने पर संविदा एएनएम लक्ष्मी की सेवा समाप्त करने और उनका 15 दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया। वहीं, अभिलेखों के उचित रखरखाव न होने पर बीपीएम अनुज तिवारी को चेतावनी नोटिस जारी किया गया।
विद्यालय की बदहाली भी डीएम की नजर से नहीं बच सकी। छात्रों की उपस्थिति मात्र 50 प्रतिशत मिलने और मिड-डे मील में तहरी की गुणवत्ता मानक के अनुरूप न होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने प्रभारी प्रधानाध्यापक बृजलाल के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और ग्राम प्रधान को नोटिस जारी करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने दोटूक कहा कि जनहित की योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही अक्षम्य है।
0 टिप्पणियाँ