#सीतापुर: 48 घंटे के भीतर महिला हत्याकांड का अनावरण, पुलिस ने अभियुक्त को पकड़ा.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): हरगांव थाना क्षेत्र में महिला की  हत्या के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के प्रेमी और लहरपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर रामजीवन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि महिला के किसी और से संबंध होने के शक में उसने गला दबाकर उसकी जान ले ली थी।
पुलिस ने ऐसे सुलझाई गुत्थी
बीते आठ जुलाई को ग्राम कैथाभारी में 36 वर्षीय महिला रेनू का शव मिला था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंकुर अग्रवाल ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए थे। पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घेराबंदी कर 11 जुलाई को आरोपी रामजीवन को कल्यानपुर तिराहे के पास से दबोच लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतका के अन्य लोगों से बातचीत करने पर उसे शक था, जिसके चलते उसने उसे घुमाने के बहाने खेत में ले जाकर गला दबाकर मार डाला।
साक्ष्य मिटाने की रची थी साजिश
पकड़े जाने के बाद आरोपी ने जुर्म कुबूलते हुए बताया कि हत्या के बाद उसने रेनू का मोबाइल फोन पहचान छुपाने की नीयत से पास की एक बड़ी नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
हिस्ट्रीशीटर रामजीवन शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ लहरपुर थाने में हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और वन संरक्षण अधिनियम समेत सात गंभीर मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। पुलिस टीम ने उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। थाना प्रभारी आनंद नारायण त्रिपाठी और उनकी टीम की इस कार्रवाई की उच्चाधिकारियों ने सराहना की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ