सीतापुर(उत्तर प्रदेश):थाना सकरन परिसर में शनिवार को आयोजित 'थाना समाधान दिवस' में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से जनता की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने मौके पर पहुंची शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के कर्मचारियों को तत्काल निस्तारण के आदेश दिए। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि जनसुनवाई में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संयुक्त टीम करेगी मौके पर जांच
जमीन से जुड़े विवादों को लेकर डीएम और एसपी ने विशेष कड़ाई बरती। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम संबंधित स्थल पर जाकर बारीकी से जांच करे। साथ ही, कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता में रखते हुए विवादों का ऐसा समाधान सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा कोई शिकायत न आए।
संवेदनशीलता के साथ करें निस्तारण
अधिकारियों ने मातहतों को हिदायत दी कि समाधान दिवस में आने वाले हर फरियादी की समस्या को पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ सुना जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित के लिए समाधान की प्रक्रिया न केवल समयबद्ध होनी चाहिए, बल्कि उसकी गुणवत्ता भी ऐसी हो कि वह संतुष्ट होकर लौटे।
अधिकारियों की उपस्थिति में सुनीं शिकायतें
थाना समाधान दिवस के दौरान उप जिलाधिकारी बिसवां आकांक्षा गौतम के साथ राजस्व और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ