बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): शैक्षिक और सामाजिक सरोकारों को समर्पित अखिल भारतीय संस्था 'साहित्य सृजन संस्थान' ने क्षेत्र के मेधावी व जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के भविष्य को संवारने की दिशा में सराहनीय पहल की है। तहसील रोड स्थित 'सृजन पुस्तकालय' में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें, स्टेशनरी और स्कूल बैग वितरित किए गए।
कार्यक्रम में समाजसेवी गिरिधर अग्रवाल और सौरभ बंसल के हाथों छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। संस्थान ने मेधावियों को अंगवस्त्र और स्मृतिचिह्न देकर प्रोत्साहित किया। संस्थापक साहित्यकार संदीप मिश्र 'सरस' ने कहा कि प्रतिवर्ष मेधावी बच्चों को सहयोग करना हमारा संकल्प है, ताकि वे अपनी प्रतिभा से बिसवां का नाम रोशन कर सकें।
'सृजन पुस्तकालय' न केवल पुस्तकों का केंद्र है, बल्कि यहाँ करियर काउंसलिंग, मोटिवेशनल क्लासेस और अब कंप्यूटर प्रशिक्षण की भी व्यवस्था है। इस अवसर पर प्रधानाचार्या लक्ष्मी देवी, उप प्रधानाचार्या उषा मिश्रा, गंगा स्वरूप मिश्र, एडवोकेट मनोज गुप्ता, श्रीकांत मिश्रा, सभासद नीरज मिश्रा, हरिशंकर त्रिवेदी, मुकुंद पांडेय, अमन बाजपेई सहित अनेक प्रबुद्धजन व अभिभावक मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ