सीतापुर:पानी निकासी के विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, अस्पताल में भर्ती.

मानपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):मानपुर थाना क्षेत्र के दासापुर गांव में बीते दिवस देर शाम मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। रास्ते से पानी निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद दबंगों ने पिता-पुत्र पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
दासापुर निवासी आलोक कुमार और उनके पुत्र देवेंद्र कुमार का गांव के ही राजेंद्र से पानी निकासी को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि राजेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों पर धारदार हथियारों से हमला किया। इस हमले में देवेंद्र के गले में बांका लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पिता आलोक भी बुरी तरह जख्मी हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल, सीतापुर रेफर कर दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ