सीतापुर(उत्तर प्रदेश):अब आधार कार्ड बनवाने या उसमें सुधार कराने के लिए आपको भटकना नहीं पड़ेगा। शहर के हरदोई रोड पर संचालित नए आधार सेवा केंद्र पर अब आधार से जुड़ी सभी सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। यह केंद्र नवीन चौक से महज 300 मीटर की दूरी पर जनता हॉस्पिटल के पास स्थित है, जहां नागरिक सरकारी निर्धारित शुल्क पर अपनी सुविधानुसार सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
नया नामांकन और अनिवार्य अपडेट पूरी तरह निशुल्क
केंद्र पर सभी आयु वर्ग के नागरिकों के लिए नया आधार नामांकन पूरी तरह से नि:शुल्क किया जा रहा है। इसके साथ ही, केंद्र की ओर से बच्चों के लिए विशेष सुविधा दी गई है, जिसमें 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह मुफ्त किया जा रहा है। इससे अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी।
निर्धारित शुल्क पर मिलेंगी ये सेवाएं
आधार सेवा केंद्र पर अन्य सुधार कार्यों के लिए भी स्पष्ट शुल्क दरें निर्धारित की गई हैं। डेमोग्राफिक अपडेट, जिसमें नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी या पता बदलना शामिल है, उसके लिए मात्र 75 रुपये का शुल्क लिया जाएगा। वहीं, बायोमेट्रिक अपडेट फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिस के लिए 125 रुपये का शुल्क निर्धारित है। यदि किसी को आधार कार्ड की रंगीन प्रिंट प्रति A4 शीट पर चाहिए, तो वह मात्र 40 रुपये में उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेष श्रेणी के लोगों को मिलेगी प्राथमिकता
सेवाओं को सुगम बनाने के लिए केंद्र पर विशेष व्यवस्था की गई है। दिव्यांगजन, गर्भवती महिलाओं, वृद्धजनों, शिशुओं एवं छोटे बच्चों को नामांकन या अपडेट के लिए कतार में खड़ा नहीं होना पड़ेगा, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सेवा प्रदान की जाएगी। सबसे अच्छी बात यह है कि यह केंद्र सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा, जिससे कार्यदिवस में समय न निकाल पाने वाले लोग भी अवकाश के दिन अपनी सुविधा के अनुसार काम करा सकेंगे।
0 टिप्पणियाँ