सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रेउसा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जहां लखनऊ से आई एक युवती ने अपने प्रेमी की सड़क पर ही धुनाई कर दी। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ धोखा किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।इंस्टाग्राम से शुरू हुआ था प्रेम प्रसंग
जानकारी के अनुसार, युवती पहले अहमदाबाद में कार्यरत थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम के जरिए उसकी जान-पहचान रेउसा निवासी युवक तालीम पुत्र अहमद से हुई। धीरे-धीरे यह बातचीत प्यार में बदल गई। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया और करीब एक साल तक दोनों लखनऊ में किराए के मकान में साथ रहे। युवती का कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले युवक उसे बहाने से छोड़कर अपने घर रेउसा चला आया।
शादी का राज खुलते ही भड़की प्रेमिका
जब युवती युवक की तलाश में रेउसा पहुंची, तो उसे पता चला कि वह पहले से ही शादीशुदा है। आरोप है कि युवक ने विवाह की बात छिपाकर उसे अपने साथ रखा और बाद में साथ रहने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर शनिवार को दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर गुस्साई महिला ने युवक को चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान युवक माफी मांगता नजर आया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस पहुंची मौके पर, नहीं मिली तहरीर
घटना का वीडियो किसी राहगीर ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो में महिला का आक्रोश और युवक की बेबसी साफ दिखाई दे रही है। वीडियो के जरिए रेउसा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ कर उनके नाम-पते दर्ज किए। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ