हरगांव, सीतापुर(संवाददाता):थाना हरगांव क्षेत्र के ग्राम मदनपुर-कैथाभारी से कबीरपुर जाने वाले खड़ंजे पर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रेणू देवी (40) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो वर्षों से ग्राम कैथाभारी निवासी रक्षकपाल सिंह के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब छह बजे वह घर से निकली थी, जिसके बाद से ही वह लापता थी।घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और क्षेत्राधिकारी नेहा त्रिपाठी मौके पर पहुंच गईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंकुर अग्रवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्यों के संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण नमूने एकत्रित किए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
लूट के बाद हत्या की आशंका
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतका के गले पर चोट के निशान हैं। इसके साथ ही, महिला के पैरों में पहनी चांदी की बिछिया और मोबाइल फोन गायब मिले हैं, जिससे हत्या के बाद लूटपाट की आशंका भी प्रबल हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस रक्षकपाल और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की गुत्थी सुलझाई जा सके।
0 टिप्पणियाँ