#सीतापुर: रास्ते के विवाद को लेकर ग्रामीणों ने डीएम आवास पर की शिकायत, प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):पिसावां थाना क्षेत्र के उदयपुर बादफरोश गांव में रास्ते के विवाद ने गुरुवार देर रात गंभीर रूप ले लिया। गांव के कई ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी के आवास पहुंच गए और अपनी व्यथा सुनाई।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव निवासी प्रेम सिंह द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर अवरोध खड़ा कर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया गया है। इससे गांव के कई परिवार प्रभावित हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इस मामले की शिकायत पूर्व में भी स्थानीय प्रशासन और पुलिस से की गई थी। आरोप है कि गुरुवार शाम जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो उनकी मौजूदगी में ही हंगामा हो गया, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
देर रात स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने स्वयं ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी पूरी बात सुनी। उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारी को तत्काल मौके पर जाकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही, ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित ग्रामीणों को जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने सुरक्षा प्रदान की और उसके बाद उन्हें वापस गांव भेजा गया। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता कंधई ने प्रशासन से रास्ता जल्द से जल्द खुलवाने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ