सीतापुर(उत्तर प्रदेश): शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस में स्थित मिशन स्कूल की अवैध रूप से बनी बाउंड्रीवाल पर प्रशासन का बुलडोजर चला। लंबे समय से चल रहे इस विवाद में कोर्ट के आदेश के बाद सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पहुंचे प्रशासनिक अमले और नगर पालिका की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी दीवार को ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन ने कार्रवाई से पूर्व स्कूल प्रबंधन को अपना पक्ष रखने के लिए पूरा मौका दिया था। जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा पहली नोटिस 30 अप्रैल को और दूसरी नोटिस 24 जून को जारी की गई थी, लेकिन स्कूल प्रशासन की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। न्यायालय के आदेश की अवहेलना को देखते हुए शुक्रवार को प्रशासन ने सख्त कदम उठाया सिविल लाइंस का इलाका प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों और भारी पुलिस बल से भर गया। मौके पर पहुंची आठ जेसीबी मशीनों ने अवैध दीवार को ढहाना शुरू किया, वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से मलबे को तुरंत मौके से हटा दिया गया ताकि आवागमन में बाधा न आए।
एसडीएम और तहसीलदार की निगरानी में हुई इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे यह पूरी प्रक्रिया बिना किसी विरोध के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।
0 टिप्पणियाँ