#सीतापुर: करंट की चपेट में आया लाइनकर्मी, मामले की जांच में जुटी पुलिस.

 पिसावां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): पिसवां थाना क्षेत्र के अनंतापुर गांव में गुरुवार देर रात 10:30 बजे स्थानीय लोगों के अनुसार  11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन पर काम करते समय एक हादसा हुआ। बिजली लाइन के नीचे जाली लगाने के दौरान लाइनकर्मी अचानक हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलसकर खंभे से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
 इस घटना में घायल युवक की पहचान सकरन थाना क्षेत्र के खजुरा गांव निवासी रिंकू, पुत्र रामकुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रभात कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, स्थिति गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में एलाइट इंटरप्राइजेज कंपनी के ठेकेदार सत्यपाल सिंह निवासी फरीदपुर, थाना महोली के अधीन 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन खींचने का कार्य चल रहा था। प्रथम दृष्टया यह हादसा कार्य के दौरान अचानक लाइन में बिजली आपूर्ति शुरू हो जाने के कारण हुआ प्रतीत होता है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट व संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ