सीतापुर(उत्तर प्रदेश): सड़क हादसों पर लगाम लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए सीतापुर पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री के मंशानुरुप जनपद में पहली बार अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाई-टेक इंटरसेप्टर वाहन को शामिल किया गया है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पुलिस कार्यालय परिसर से इस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन अब जिले की सड़कों पर नियमों को ताक पर रखने वालों पर पैनी नजर रखेगा।
हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे और स्पीड डिटेक्शन सिस्टम से लैस
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह अत्याधुनिक ट्रैफिक प्रवर्तन वाहन आधुनिक तकनीक से पूरी तरह लैस है। इसमें हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे, स्पीड डिटेक्शन सिस्टम, वीडियो रिकॉर्डिंग और पब्लिक एड्रेस सिस्टम जैसी बेहतरीन सुविधाएं दी गई हैं। इसकी मदद से नियमों का उल्लंघन करने वालों की सटीक डिजिटल पहचान की जाएगी, जिससे पुलिस कार्रवाई में पूरी पारदर्शिता और तेजी आएगी।
ओवरस्पीड और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर कसेगा शिकंजा
नया इंटरसेप्टर वाहन विशेष तौर पर गंभीर यातायात उल्लंघनों पर प्रभावी कार्रवाई करेगा। इसके जरिए ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, खतरनाक स्टंटबाजी और ड्रंक एंड ड्राइव करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने तथा बिना सीट बेल्ट के चलने वालों पर भी स्वचालित रूप से नजर रखी जाएगी।
सड़क हादसों में कमी और जागरूकता बढ़ाना मुख्य उद्देश्य
यातायात विभाग के इस नए हाई-टेक कदम का मुख्य उद्देश्य जनपद में सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ को नीचे लाना है। इसके संचालन से वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति अनुशासन और गंभीरता बढ़ेगी। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि जिले के नागरिकों को एक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
0 टिप्पणियाँ