सीतापुर(उत्तर प्रदेश): सिधौली कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रेम नगर में सोमवार सुबह एक 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान रुचि पत्नी लकी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर ससुराल पक्ष उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले अस्पताल पहुंच गए। मृतका की मां उषा देवी ने ससुराल पक्ष पर शादी के बाद से ही लगातार प्रताड़ित करने और मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि रुचि लंबे समय से बीमार थी और संभवतः हार्ट अटैक से उसकी मौत हुई है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। कोतवाली प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ