सीतापुर(उत्तर प्रदेश);जनपद की सड़कों को सुरक्षित बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सीतापुर पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ रखा है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। विशेष रूप से 'ऑपरेशन मीट एंड ग्रीट' के जरिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई से हड़कंप मचा है।
वीकेंड पर 'मीट एंड ग्रीट' का असर
सड़क हादसों के आंकड़ों पर गौर करें तो वीकेंड पर नशे में गाड़ी चलाने के कारण दुर्घटनाएं अधिक होती हैं। यातायात निरीक्षक फरीद अहमद के नेतृत्व में खैराबाद टोल प्लाजा पर हर शनिवार और रविवार रात 8 से 11 बजे तक यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ब्रेथ एनालाइजर से लैस पुलिस टीमें न केवल शराबी चालकों पर शिकंजा कस रही हैं, बल्कि महिला यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी कर रही हैं। एक माह में 158 चालकों से 15.80 लाख रुपये जुर्माना वसूला जा चुका है।
नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई
यातायात को व्यवस्थित करने के लिए 15 मई से पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चला रखा है। इसमें मोडिफाइड साइलेंसर से लेकर गलत दिशा में गाड़ी चलाने वालों तक पर कार्रवाई की गई है।
यातायात नियमों का पालन ही जीवन रक्षा
सीतापुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नियमों को नजरअंदाज न करें। शराब पीकर गाड़ी चलाना, वाहनों में प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग करना जानलेवा हो सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।
0 टिप्पणियाँ