बिसवां,सीतापुर(संवाददाता): जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत बिसांवा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो महिला चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की पीली धातु के दो पेंडिल बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बिसांवा हर्षित चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कस्बा बिसवां स्थित चतुर्भुज मंदिर के पास से दोनों महिलाओं को दबोच लिया। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान राधा उर्फ रेखा उर्फ प्रीती निवासी ग्राम भगवंतपुर, थाना रामपुर कला और अर्चना उर्फ शैलसुता निवासी ग्राम जुडौरा, थाना कमलापुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इन महिलाओं पर थाना बिसवां में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था। बरामदगी के बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि चोरी पर लगाम लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
0 टिप्पणियाँ