#सीतापुर:शारदा सहायक नहर में युवती के डूबने की आशंका, तलाश जारी .

महमूदाबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):नूरपुर स्थित शारदा सहायक नहर में एक युवती के डूबने की आशंका ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। घटना गुरुवार सुबह की है, जब नहर पुल के पास लावारिस हालत में युवती की चप्पल और दुपट्टा पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की, लेकिन काफी देर तक पहचान नहीं हो सकी थी।
देर शाम युवती की पहचान मुंडेरा निवासी 21 वर्षीय मोहिनी यादव के रूप में हुई। मोहिनी की मां कुसुमा ने बताया कि करीब छह माह पहले मोहिनी का तलाक हुआ था। घटना वाले दिन परिवार के सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए थे। मोहिनी को घर पर खाना बनाकर खेत पहुंचना था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद नहर किनारे मिले सामान से उसकी शिनाख्त हुई।
कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि युवती की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस घटना के हर संभावित पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ