#सीतापुर:किसान की मौत के बाद अलर्ट हुआ वन विभाग, बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगाए कैमरे.

संदना,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): संदना थाना क्षेत्र के रसूलवा गांव में बुधवार को 53 वर्षीय किसान कमल किशोर की मौत के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। किसान का शव गांव के बाहर खेतों में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने घटनास्थल पर मिले पदचिह्नों और शव को घसीटे जाने के साक्ष्यों के आधार पर गुरुवार को पुष्टि की है कि यह हमला बाघ द्वारा किया गया है। इस संबंध में प्रभागीय वनाधिकारी नवीन खंडेलवाल के निर्देशानुसार, वन विभाग ने बाघ को पकड़ने के लिए घटनास्थल के समीप पिंजरा लगा दिया है। इसके अतिरिक्त, बाघ की आवाजाही पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में छह 'टाइगर ट्रैप' कैमरे भी लगाए गए हैं।
वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में निरंतर गश्त की जा रही है। ग्रामीणों को अकेले खेतों में न जाने, समूह में चलने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना विभाग को देने की सलाह दी गई है। गुरुवार दोपहर स्वजन द्वारा किसान का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि बाघ को पकड़ने का अभियान जारी है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ