सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में सुरक्षा और चेकिंग अभियान जोर-शोर से चल रहा है। इस दौरान कोतवाली महमूदाबाद की 'मिशन शक्ति' टीम ने एक ऐसे मासूम को उसके परिजनों से मिलवाया, जो रास्ता भटक कर अपनों से बिछड़ गया था। चंद घंटों के भीतर बच्चे को सकुशल घर पहुँचाकर पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया है।
अकेले घूमता मिला मासूम
बुधवार को चेकिंग के दौरान महमूदाबाद क्षेत्र में एक बच्चा अकेला और सहमा हुआ घूमता दिखाई दिया। 'मिशन शक्ति' टीम ने रुककर बच्चे से बड़ी आत्मीयता से पूछताछ की। बच्चे ने अपना नाम बिलाल बताया। आसपास के लोगों से पूछताछ में जानकारी हुई कि बिलाल अपनी नानी के घर आया था, लेकिन रास्ता भटक कर रास्ता खो बैठा।
पुलिस बनी मददगार, थाने लाई टीम
बच्चे की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए टीम उसे फौरन थाने ले आई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी से कड़ी जोड़कर बच्चे के परिजनों का पता लगाया। इसके बाद फौरन परिजनों को सूचित कर थाने बुलाया गया। बच्चे के माता-पिता को देखते ही उसके चेहरे पर मुस्कान आ गई, वहीं परिजनों के चेहरे पर राहत की लकीरें साफ देखी गईं।
परिजनों ने की पुलिस की सराहना
अपने जिगर के टुकड़े को सकुशल वापस पाकर परिजनों की आँखें भर आईं। उन्होंने सीतापुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पुलिस की टीम समय रहते सक्रिय न होती, तो न जाने क्या अनहोनी हो जाती। वहीं, इस सराहनीय कार्य में प्र0नि0 भानू प्रताप सिंह, अपराध नि0 दयाशंकर, महिला आरक्षी काजल सक्सेना, कविता शर्मा एवं शालिनी पाण्डेय की मुख्य भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ