सकरन,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद के थाना सकरन पुलिस टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्जनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी बिसवां हर्षित चौहान के पर्यवेक्षण में यह सफलता मिली। पुलिस ने गद्दीनपुरवा के पास से अभियुक्त रंजीत चौहान निवासी चन्दौली रेउसा, सीतापुर और अनिल कुमार उर्फ रवि कुमार निवासी शेखनपुर फतेहपुर, बाराबंकी को दबोचा।गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के जेवर, जिनमें 8 जोड़ी सफेद धातु की पायल, 14 जोड़ी बिछुआ, पीली धातु का एक लॉकेट और एक अंगूठी बरामद की गई है। इसके अलावा मुख्य आरोपी रंजीत के पास से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रंजीत का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिसके खिलाफ सीतापुर के अलावा अंबेडकरनगर, अयोध्या, आजमगढ़ और गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के करीब एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।