सीतापुर(उत्तर प्रदेश): लहरपुर विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय खानपुर सादात में बच्चों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील में कीड़े मिलने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हुई विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
बीते 13 जुलाई 2026 को प्राथमिक विद्यालय खानपुर सादात में मिड-डे मील में कीड़े मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इसकी जानकारी होते ही प्रशासन हरकत में आया और 14 जुलाई को खंड शिक्षा अधिकारी लहरपुर तथा उपजिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से विद्यालय पहुंचकर स्थलीय जांच की। जांच के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वीकार किया कि सोमवार को भोजन में कीड़े और चींटियां थीं और अक्सर भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं रहती है।
मिली बड़ी लापरवाही
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि प्रभारी प्रधानाध्यापिका श्रीमती अर्शिया और सहायक अध्यापक रईस अहमद अपने दायित्वों का सही निर्वहन नहीं कर रहे थे। दोनों के बीच आपसी समन्वय और संवाद का अभाव था, जिसके कारण विद्यालय के प्रबंधन में लगातार अव्यवस्था बनी हुई थी। उन्होंने न तो खुद कभी भोजन की गुणवत्ता जांची और न ही किसी अन्य जिम्मेदार शिक्षक से इसकी जांच करवाई।
विभागीय छवि धूमिल करने पर कार्रवाई
जांच आख्या के आधार पर अधिकारियों ने पाया कि शिक्षकों की इस लापरवाही और अनुशासनहीनता के कारण विभागीय शासन और प्रशासन की छवि धूमिल हुई है। साथ ही, यह 'निशुल्क एवं बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009' के प्रावधानों का खुला उल्लंघन है। इसे गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी की संस्तुति पर दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में दोनों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। मामले की विस्तृत जांच के लिए नए जांच अधिकारियों को नामित कर दिया गया है।
0 टिप्पणियाँ