सीतापुर(उत्तर प्रदेश):खैराबाद थाना क्षेत्र के राजापुर चिलवारा गांव निवासी 25 वर्षीय शैलेन्द्र पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी सरिता पाल ने पीटीसी कमांडेंट पर उन्हें बंगले पर बुलाकर 19 दिनों तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता का आरोप है कि कमांडेंट ने शैलेन्द्र से पैसों की मांग की और उनके मोबाइल व आधार कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए थे। प्रताड़ना के कारण मानसिक दबाव में आकर शैलेन्द्र ने मंगलवार को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उपचार के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सरिता पाल ने दावा किया कि उनके पति का किसी चोरी के मामले से कोई संबंध नहीं था।
इस घटना के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसपी अंकुर अग्रवाल ने जानकारी दी कि मामले में शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है और आरोपों की जांच करवाई जा रही है, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ