सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिले में आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। पुलिस महकमे ने शिव भक्तों की सुरक्षा और सुविधा के लिए कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील रास्तों की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रमुख मार्गों का निरीक्षण और बैरिकेडिंग
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांवड़ियों के मुख्य मार्ग, विशेषकर चहलारी घाट और गोकर्णनाथ जाने वाले सभी रास्तों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन मार्गों की भौतिक स्थिति की जाँच की जा रही है ताकि कहीं भी कोई सड़क खराब न हो। यदि कहीं सुधार की आवश्यकता है, तो संबंधित विभाग को तुरंत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, घाटों पर बैरिकेडिंग की जा रही है ताकि कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर
यात्रा के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखेगी। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट डालता है या धार्मिक आस्थाओं को आहत करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के लिए पर्याप्त बल की तैनाती
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। एसपी ने बताया कि यात्रा के दौरान भीड़ के अनुसार पुलिस बल की संख्या घटाई-बढ़ाई जाएगी। इसके लिए जिले के सभी अधिकारियों को सेक्टर और जोनल स्कीम में लगाकर ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा। यात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन के साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे।
0 टिप्पणियाँ