#सीतापुर: ट्रांसफार्मर विवाद को लेकर विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):हरगांव थाना क्षेत्र स्थित विद्युत उपकेंद्र पर सोमवार दोपहर अराजक तत्वों ने जमकर तांडव मचाया। ट्रांसफार्मर बदलने में देरी से नाराज करीब 40 लोगों की भीड़ ने लाठी-डंडों के साथ उपकेंद्र पर धावा बोल दिया। उपद्रवियों ने बिजली कर्मचारियों के साथ मारपीट की और कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की।
अवर अभियंता अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि नरहरपुर गांव का ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद उसे बदलने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन तकनीकी कारणों से बाधा आ रही थी। इसी बात से नाराज भीड़ ने अचानक हमला कर दिया। कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए उपखंड अधिकारी के कार्यालय में छिपे, लेकिन उपद्रवियों ने दरवाजा तोड़कर वहां भी तोड़फोड़ की।
इस हमले में टेक्नीशियन सुतांशु शुक्ला के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य कर्मचारी भी घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रवियों को खदेड़ा। प्रभारी निरीक्षक आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ