#सीतापुर:सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ रील बनाना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): सोशल मीडिया पर रौब झाड़ने के लिए अवैध तमंचे के साथ फोटो और वीडियो वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। महोली थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध असलहा व कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
वायरल वीडियो से पुलिस को मिली जानकारी
जनपद में सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ एसपी अंकुर अग्रवाल ने सख्त निर्देश जारी कर रखे हैं। इसी क्रम में, महोली थाना पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के एक युवक ने सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ फोटो और वीडियो प्रसारित की है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी महोली नागेन्द्र चौबे के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
पहचान के बाद दबिश, असलहा बरामद
जांच में युवक की पहचान श्याम पाण्डेय, निवासी ग्राम भुड़कड़ी, थाना महोली के रूप में हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना महोली में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा मु0अ0सं0 273/2026 पंजीकृत कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील सोशल मीडिया का करें जिम्मेदार उपयोग
सीतापुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध हथियारों या खतरनाक वस्तुओं के साथ फोटो/वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें। ऐसा करना कानूनन अपराध है। सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था भंग करने या अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी,इस कार्रवाई में थाना महोली के उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार, हे0का0 विष्णु प्रताप तिवारी, हे0का0 अरविन्द कुमार और का0 अंकित कुमार की मुख्य भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ