#सीतापुर:सात दिन बाद भी बेखौफ घूम रहा बाघ, संयुक्त टीमों की घेराबंदी और पिंजरे के बाद भी हाथ लग रहे सिर्फ पदचिह्न.

संदना,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):संदना थाना क्षेत्र में एक किसान की मौत के करीब एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद वन विभाग की तमाम कोशिशों के बाद भी बाघ को पकड़ने में सफलता नहीं मिल पाई है। आधुनिक तकनीक और विशेष टीमों की तैनाती के बावजूद बाघ लगातार अपनी लोकेशन बदलकर विभाग को चकमा दे रहा है। दुधवा टाइगर रिजर्व और स्थानीय वन विभाग की संयुक्त टीम थर्मल ड्रोन, छह ट्रैप कैमरे और पिंजरे में बकरी बांधकर उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी है, लेकिन अब तक केवल ताजे पगचिन्ह ही हाथ लगे हैं।
बाघ की लगातार बदलती आवाजाही से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। लोग खेतों में जाने से कतरा रहे हैं, जिससे खेती-किसानी और मजदूरी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बच्चों की स्कूलों में उपस्थिति भी कम हो गई है। अभियान को गति देने के लिए अब रायबरेली से भी रेस्क्यू टीम बुलाई गई है। डीएफओ नवीन खंडेलवाल के मुताबिक ऊपरहितापुर, गंधारिया और रसूलवा गांव के आसपास बाघ की मौजूदगी दर्ज की जा रही है, और अधिकारी जल्द उसे दबोचने का दावा कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ