सीतापुर (उत्तर प्रदेश):लखनऊ के कमता बस स्टैंड से कमलापुर के लिए ओला कार बुक कर चालक से लूटपाट करने वाले दो अंतरजनपदीय बदमाशों को कमलापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई वैगन-आर कार, अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू और चालक का पर्स बरामद किया है।
सुनसान रास्ते पर चाकू के बल पर छीनी थी कार
पूछताछ में सामने आया कि 18-19 जुलाई की दरमियानी रात बदमाशों ने लखनऊ के कमता बस स्टैंड से कमलापुर जाने के लिए चालक प्रमोद कुमार सिंह की वैगन-आर कार 1400 रुपये में बुक की थी। कमलापुर से चार किलोमीटर पहले विक्रमपुर लिंक रोड पर सुनसान इलाके में उन्होंने चालक के साथ मारपीट की और चाकू के बल पर कार व पर्स लूटकर फरार हो गए।
कैब से सवारियां ढोकर नई वारदात की थी फिराक में
हाल ही में जेल से छूटकर आए इन बदमाशों ने लूट के बाद इस वैगन-आर कार में सवारियां बैठाकर किराया वसूलना शुरू कर दिया था। उनका मकसद किसी धनी यात्री को बैठाकर नकदी व जेवर लूटने के बाद गाड़ी को सुनसान जगह छोड़ना था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
कई जनपदों में दर्ज हैं गंभीर धाराओं में मुकदमे
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी आशीष कुमार निवासी जगतपुर अमेठी और अजय प्रताप सिंह उर्फ अंकित सिंह निवासी पूरे संत सिंह गोंडा शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, गोंडा और अयोध्या में लूट, चोरी, हत्या का प्रयास व गैंगस्टर एक्ट के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
0 टिप्पणियाँ