लहरपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिलाधिकारी डॉ राजा गणपति आर. के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार देर रात तक चले विशेष प्रवर्तन अभियान में परिवहन विभाग ने डग्गामार वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अभियान की भनक लगते ही अवैध रूप से संचालित कई वाहन सड़कों से गायब हो गए।
परमिट नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई
जांच के दौरान टीम ने पाया कि कई डबल डेकर बसें परमिट शर्तों का खुला उल्लंघन कर रही थीं और क्षमता से अधिक सवारियां ढो रही थीं। एआरटीओ ने बताया कि ऐसी 7 डग्गामार बसों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
एक दिन में 17 वाहनों का किया चालान
सघन चेकिंग अभियान के तहत सीज की गई बसों के अलावा अन्य वाहनों पर भी शिकंजा कसा गया। टीम ने एक ओवरलोड ट्रक, एक पिकअप और आठ ऑटो का चालान किया। प्रवर्तन अभियान के दौरान कुल 17 वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की गई। अधिकारियों ने साफ किया कि सड़कों पर अवैध वाहनों का संचालन हर हाल में रोका जाएगा।
यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों और संचालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्हें यातायात नियमों का पालन करने और बिना परमिट वाहन न चलाने की सख्त चेतावनी दी गई। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी डग्गामार वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान जारी रहेगा और नियमों को तोड़ने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी।
0 टिप्पणियाँ