सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।महिला सुरक्षा और सहायता के प्रति पुलिस का मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण देखने को मिला है। 'मिशन शक्ति 5.0' अभियान के तहत महिला थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रास्ता भटकी एक बालिका को न केवल सुरक्षित ढूँढा, बल्कि उसे सकुशल उसके परिजनों तक पहुँचाकर एक मिसाल कायम की है।
पुलिस अधीक्षक सीतापुर श्री अंकुर अग्रवाल के निर्देशों के क्रम में, महिला थाना पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्रान्तर्गत स्पर्श ढाबा, वैदेही वाटिका के पास एक अज्ञात बालिका अकेली बैठी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुँची और बालिका को अपनी सुरक्षा में लिया। पुलिस द्वारा प्यार से पूछताछ करने पर बालिका ने स्वयं को जनपद लखीमपुर खीरी का निवासी बताया महिला थाना पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए बालिका के परिवार का पता लगाया और उनसे संपर्क किया। बीते दिवस परिजन थाना परिसर पहुँचे। परिजनों ने बताया कि बालिका को एंजाइटी की समस्या है, जिसके कारण वह घर से बाहर निकलकर रास्ता भटक गई थी। पुलिस द्वारा सभी आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस के इस मानवीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस कार्यवाही में महिला थानाध्यक्ष मधु यादव के नेतृत्व में आरक्षी नेहा तिवारी, आरक्षी शिवानी तोमर और आरक्षी रिचा की सराहनीय भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ