सीतापुर(उत्तर प्रदेश): संदना थाना क्षेत्र के देवरी खुर्द गांव में रविवार सुबह एक खेत में सिर कटा अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह करीब नौ बजे जब ग्रामीण सुरजबली के खेत की ओर गए, तो उन्होंने एक व्यक्ति का धड़ पड़ा देखा। शव की गर्दन धड़ से अलग थी और सिर मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मान सिंह पाल पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के खेतों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सिर का सुराग नहीं लग सका था। फोरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शिनाख्त के लिए पुलिस आसपास के थानों और पड़ोसी जनपदों से गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ