#सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिलाधिकारी सीतापुर के निर्देशों का पालन करते हुए नगर पालिका परिषद ने शहरवासियों के लिए बड़ी राहत और सख्ती का मिला-जुला खाका तैयार किया है। इसके तहत आगामी 7 अगस्त 2026 को कार्यालय सभागार में एक विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भवनों व भू-खण्डों के नामांतरण और कर वसूली से जुड़े सभी लंबित मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।
सुबह 10 बजे से शुरू होगा विशेष कैंप
नगर पालिका परिषद के कार्यालय सभागार में आयोजित होने वाला यह विशेष कैंप 7 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक चलेगा। राजस्व निर्धारण अधिकारी कमलेश कुमार चौबे की देखरेख और निर्देशन में चलने वाले इस अभियान के दौरान जिलाधिकारी सीतापुर का भी औचक निरीक्षण या आगमन संभावित है। कैंप को पूरी तरह सफल बनाने के लिए सभी संबंधित क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षकों और लिपिकों को पत्रावलियों के साथ समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्रावलियों में लापरवाही पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कैंप में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षकों और संबंधित लिपिकों को आदेश दिया गया है कि वे हर हाल में अपनी सभी चलित व लंबित पत्रावलियों की सूची पहले से तैयार रखें। यदि निरीक्षण के दौरान कोई पत्रावली मौके पर नहीं दिखाई गई या मिसप्लेस मिली, तो संबंधित कर्मचारी का उत्तरदायित्व तय करते हुए उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली 1956 के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि नज़रूल भूमि पूरी तरह से सरकारी है, इसलिए उसका नामांतरण नहीं किया जाएगा और यह कैंप नज़रूल क्षेत्र को छोड़कर अन्य वार्डों के लिए है।
इन वार्डों के लिए तैनात किए गए जिम्मेदार कर्मचारी
इस विशेष अभियान के सुचारू संचालन और आम जनता की सुविधा के लिए प्रथम श्रेणी लिपिक वैभव कपूर मोबाईल नंबर: 9889547225 को आधिकारिक तौर पर तैनात किया गया है। यह विशेष कैंप मुख्य रूप से गदियाना (वार्ड 22), आलमनगर (वार्ड 24), कोट (वार्ड 25), शेख सराय पूर्वी (वार्ड 28), शेख सराय पश्चिमी (वार्ड 29), कजियारा (वार्ड 30), बट्गंज (वार्ड 4), लोहारबाग (वार्ड 6), दुर्गापुरवा (वार्ड 7), और चौधरीटोला (वार्ड 27) के निवासियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ