#सीतापुर:उदौली बाजार में पैसों के लेन-देन को लेकर खूनी संघर्ष, फायरिंग में दो घायल.

महोली,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):थाना महोली क्षेत्र के अंतर्गत उदौली बाजार में मंगलवार सायं पैसों के लेन-देन को लेकर उपजे विवाद में जमकर फायरिंग हुई। इस घटना में एक युवक के पैर में गोली लग गई, जबकि पीछा करने पर हमलावरों ने दूसरे युवक को भी गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया है और अभियोग पंजीकृत कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की रात्रि करीब 9:15 बजे महोली पुलिस को उदौली बाजार में फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि श्रीराम महाजन वर्मा निवासी कुसैला, थाना महोली और आरिफ निवासी उदौली बाजार के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर श्रीराम पक्ष के साथ आए लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली वहां मौजूद बबलू नामक युवक के पैर में जा लगी, जिसे पुलिस ने तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
घटना के बाद जब परिजनों को सूचना मिली, तो शाहबान नामक युवक ने बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों का पीछा किया। मंडी थाना कोतवाली क्षेत्र में शाहबान द्वारा रोके जाने पर बाइक सवार बदमाशों ने उस पर भी फायरिंग कर दी, जिससे गोली शाहबान की कमर में जा लगी। कोतवाली नगर पुलिस ने घायल शाहबान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। महोली क्षेत्राधिकारी के अनुसार, शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ