सीतापुर:(उत्तर प्रदेश):भारतीय जनता पार्टी अवध क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी का रविवार को पहली बार सीतापुर आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह दिखा। अटरिया, सिधौली और कमलापुर समेत विभिन्न स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अवधेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा की असली ताकत कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य मानते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया और सभी नौ विधानसभा सीटों पर जीत दिलाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के पश्चात क्षेत्रीय अध्यक्ष ने नैमिषारण्य पहुंचकर मां ललिता देवी के दर्शन किए। इस दौरान राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा, विधायक निर्मल वर्मा, जिला प्रभारी नीरज सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ