#सीतापुर: ​हेलमेट होता तो शायद बच जाती जान; युवक की सड़क हादसे में मौत.

पिसावां ,सीतापुर(उत्तर प्रदेश) जिले के पिसावां थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। लोहारखेड़ा गांव के समीप बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान लोहारखेड़ा निवासी सुभाष पुत्र गंगाराम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुभाष किसी काम से कुतुबनगर गया था और वापस लौटते समय परिक्रमा मार्ग पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि युवक ने हेलमेट नहीं पहना था, जो उसकी मौत का बड़ा कारण बना।
हादसे की सूचना मिलते ही दधनामऊ पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भर शव उन्हें सुपुर्द कर दिया। मृतक परिवार का बड़ा और कमाऊ बेटा था, जिसकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आम जन से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ